
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की लोधाशोली पंचायत के आमलागोड़ा गांव स्थित सबर टोला की एक युवती को लेकर अचिंत सबर नामक युवक गुरुवार की रात फरार हो गया. युवक पश्चिम बंगाल के रायपुर थाना क्षेत्र के हांसापाथर गांव निवासी बताया जाता है. गांव में कुछ अनजान युवकों को देखकर ग्रामीणों को शक हुआ तो ग्रामीणों ने तीन युवक, चालक और मारूति वैन (बीआर 16 एन 5139) को पकड़ कर मामले की जानकारी ली. लोगों को जब पता चला कि गांव की सबर युवती को बंगाल के युवक द्वारा गांव से भगाया गया है, तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी. सूचना पाकर पुलिस गांव पहुंच कर चालक समेत चार युवकों समेत मारूति वैन को पकड़ कर कर थाना लाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मिली जानकारी के अनुसार आमलागोड़ा की युवती का बंगाल के युवक के साथ प्रेम संबंध था. इस संबंध में समाचार लिखे जाने तक थाना में मामला दर्ज नही हुआ है. लड़की के परिजन लड़की को लेने के लिए रायपुर थाना क्षेत्र के हांसापाथर गांव गये हुए हैं.
दोस्तों ने कहा-युवती को भगाने की नहीं था जानकारी : ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए बंगाल के सारसवाद गांव के तीनों युवकों ने बताया कि उनको अचिंत सबर ने यह कह कर अपने साथ लाया कि चाकुलिया में उसके बुआ का घर है. वहां मकर मेला लगता है. मेला घूमकर वापस आ जाएंगे. तीनो दोस्तों ने कहा कि उन्हें यह पता नही था कि वह लड़की लेकर भागेगा. वह सभी गाड़ी के पास गांव की सड़क पर खड़े थे. लेकिन अचिंत सबर लड़की को लेकर गांव से कब व कैसे भाग गया, उन्हें पता नहीं है.






