
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की माटियाबांधी पंचायत स्थित गोटाशिला पहाड़ पर इन दिनों ग्रामीणों द्वारा जलावन के लिए पहाड़ पर साल पेड़ों की कटाई की जा रही है. गोटाशिला पहाड़ के किनारे ही कई साल पेड़ों के ठूंठ इस बात की गवाह दे रहे हैं कि किस तरह पेड़ों की कटाई की जा रही है. इधर इस खबर से वन विभाग बेखबर है. वन कर्मियों द्वारा क्षेत्र में नही जाने के कारण ग्रामीण निडर होकर दिन-दहाड़े पहाड़ पर साल पेड़ की कटाई कर रहे हैं. गोटाशिला पहाड़ के ऊपर बसा घाघरा गांव के ग्रामीणों ने कहा कि वे सभी कई बार लोगों को पहाड़ पर कच्चे पेड़ को काटने से मना किया गया है, परंतु लोग आये दिन पहाड़ पर आकर साल पेड़ की कटाई कर रहे हैं. ग्रामीणों ने कहा कि पहाड़ पर हो रही पेड़ कटाई की जानकारी वन विभाग के पदाधिकारी को दी गई है, परंतु विभाग द्वारा कटाई रोकने पर पहल नहीं की जा रही है. लोगों ने कहा कि साल पेड़ों की कटाई को नहीं रोका गया तो बहुत जल्द पहाड़ पेड़ों से खाली हो जाएगा और यहां का प्राकृतिक सौंदर्य समाप्त हो जाएगी. इस संबंध में रेंजर अशोक कुमार सिंह ने कहा कि पहाड़ पर साल पेड़ों की कटाई होने की उन्हें सूचना नहीं है. विभाग इस पर पहल कर उचित कार्रवाई करेगा.






