जमशेदपुर : जुगाड़ इंडिया के जीनियस आये दिन एक से एक कारनामे करते रहते हैं. एक युवक ने घर की खटिया को तिपहिया वाहन में तब्दील कर ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है, जिसे देख आपकी हंसी भी छूटेगी और आप उसे शाबाशी दिये बिना भी नहीं रह पायेंगे. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक अपनी खटिया गाड़ी से पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने पहुंचते हैं. लगभग तीन मिनट की यह विडियो क्लिपिंग में दोनों युवक घर की चारपाई में पहिए और मोटर लगाकर उसे चलता-फिरता वाहन बना उसकी सवारी कर रहे हैं, जो आपको उन्हें शाबाशी देने पर मजबूर कर देगी.
जुगाड़ से खटिया को बना दिया गाड़ी

ट्विटर हैंडल @Mumbaikhabar9 से शुक्रवार को पोस्ट की गयी इस विडियो में हालांकि इसकी पुष्टि नहीं की गयी कि उसे कब और कहां बनाया गय़ा है, किन्तु इस छोटे क्लिप में देखा जा सकता है कि दो नौजवान अपनी ‘खटिया गाड़ी’ में बैठ कर पेट्रोल भरवाने पंप पर पहुंचते हैं. उन्हें देख पेट्रोल पंप पर उपस्थित लोग उत्सुकता के साथ उसे देख उनकी विडियो बनाने लग जाते हैं. यही नहीं, एक व्यक्ति तो उनकी इस ‘खटिया गाड़ी’ पर बैठकर उसे चलाकर भी दिखाता है.
50-60 का एवरेज देती है यह गाड़ी
इस वाहन को बनाने के लिए खटिया, साइकिल के पहिए और कार की स्टीयरिंग का इस्तेमाल किया गया है. जी हां, चारपाई के चारों पायों के पास पहिए लगाए गए हैं. एक ओर हैंडल और रेस आदि को सेट किया गया है, जबकि दूसरी ओर एक मोटर लगी है. इस करामाती चीज को बनाने वाला युवक बताता है कि यह वाहन 50 से 60 का एवरेज दे दे रहा है, जिस पर आराम से चार-पांच लोग भी सवार हो सकते हैं या फिर खाट तो आपकी ही है, चाहो तो आराम से उस पर लेट कर भी जा सकते हो.




