
चाकुलिया : कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा की है. इस दौरान घाटशिला के एसडीओ अमर कुमार ने चाकुलिया प्रखंड का दौरा कर लॉकडाउन की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर यह देखा कि चाकुलिया में व्यापारी और उद्यमी लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं या नहीं. उन्होंने सीओ अरविंद कुमार ओझा, बीडीओ लेखराज नाग को उचित दिशा-निर्देश दिए. इसके पश्चात श्री कुमार ने पदाधिकारियों के साथ सीएससी पहुंचकर निरीक्षण किया. वहां उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कोरोना वायरस की जांच किस तरह की जा रही है और स्वास्थ्य कर्मियों के पास पर्याप्त सामग्री है या नहीं इसकी जानकारी ली. एसडीओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को कहा कि स्वाप जांच में तेजी लाएं. उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से पूछा कि उनके पास पीपीई किट है या नहीं. स्वास्थ्य कर्मियों ने अधिकारियों से कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पीपीई किट उपलब्ध कराया गया है. फिलहाल सीएससी में 53 पीपीई किट उपलब्ध है. अब तक 10 ग्रामीणों का स्वाप सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव है. स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि सीएचसी में चालक की कमी है. वर्तमान में एक एंबुलेंस और एक ही चालक है. पूर्व सांसद डॉ अजय कुमार द्वारा प्रदान की गयी एंबुलेंस ठप है. स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि वर्तमान में चाकुलिया ब्लाक में सस्पेक्टेड मरीज नहीं हैं, जिस कारण उनका सैंपल नहीं लिया गया है. एसडीओ ने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि तत्काल एक चालक की बहाली की जायेगी, ताकि करोना जैसी महामारी के समय किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो. इस दौरान थाना प्रभारी अनिल नायक, डॉ सीबी चौधरी, सतीश कुमार समेत स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.







