
कोलकाता : बीती रात पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें 17 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं इस दुर्घटना में पांच अन्य घायल हो गए. जानकारी के अनुसार उत्तर 24 परगना के बगदा से 20 से अधिक लोग शव को नवद्वीप श्मशान घाट की ओर जा रहे थे, उसी दौरान यह दुर्घटना हुई. जानकारी के अनुसार हंसखली थाना क्षेत्र के फूलबाड़ी में शव वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई और अन्य घायल हो गए. स्थानीय पुलिस के अनुसार यह हादसा घने कोहरे और वाहन की तेज रफ्तार के कारण हुआ. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस घटना की जांच कर रही है.




