वॉशिंगटन : पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत, पाकिस्तान पर हमला करने वाला है. अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स ने चार डिप्लोमेट्स के हवाले से ऐसा दावा किया है. न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक 22 अप्रैल को कश्मीर में हुए भयानक और बर्बर आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया के दर्जन भर से ज्यादा नेताओं से बात कर चुके हैं. अधिकारियों ने बताया है कि भारत की राजधानी में 100 मिशनों के डिप्लोमेट्स को भारतीय विदेश मंत्रालय ने ब्रीफिंग के लिए बुलाया था. द न्यूयॉर्क टाइम्स इंटरनेशनल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ग्लोबल लीडर्स को टेलीफोन मदद मांगने के लिए नहीं किया था, बल्कि ये बताने के लिए किया था कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत क्या एक्शन लेने जा रहा है.” (नीचे भी पढ़ें)
भारत ने पाकिस्तान पर पहलगाम में आतंकी हमला करने का आरोप लगाया है. माना जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना के आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर के आदेश पर आतंकवादियों ने हमला किया, क्योंकि वो पाकिस्तान की सत्ता पर नियंत्रण हासिल करना चाहते हैं. द न्यूयॉर्क टाइम्स इंटरनेशनल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि “नई दिल्ली अपने पड़ोसी और कट्टर दुश्मन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के लिए मामला तैयार कर रही है. मोदी ने ‘ऐसी सजा’ की चेतावनी दी है जिसकी वे कल्पना भी नहीं कर सकते. भारत ने साफ शब्दों में कहा है कि इस हमले में पाकिस्तान का हाथ है. रिपोर्ट के मुताबिक विदेश मंत्रालय में विदेशी राजनयिकों को दी गई ब्रीफिंग में भारतीय अधिकारियों ने भारत को निशाना बनाने वाले आतंकवादी समूहों के लिए पाकिस्तान के पिछले समर्थन के पैटर्न की जानकारी दी थी. राजनयिक अधिकारियों ने इसका खुलासा किया है. (नीचे भी पढ़ें)
एक्सपर्ट्स आशंका जता रहे हैं कि भारत और पाकिस्तान दोनों परमाणु बम वाले देश हैं, ऐसे में अगर हमले होते हैं तो फिर उसे कंट्रोल करना काफी मुश्किल हो जाएगा. द न्यूयॉर्क टाइम्स इंटरनेशनल ने कहा है कि इसके बावजूद ऐसा लग रहा है कि “भारत पर अपनी प्रतिक्रिया को सीमित करने के लिए किसी भी वैश्विक दबाव का असर नहीं पड़ा है और हाल के वर्षों में अपनी कूटनीतिक और आर्थिक शक्ति बढ़ाने के बाद भारत, अपनी ताकत दिखाने में भी तेज हो गया है. द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक ट्रंप प्रशासन ने काफी मजबूती के साथ भारत को समर्थन देने की बात कही है. लेकिन फिलहाल कहा नहीं जा सकता है कि अमेरिका, भारत के युद्ध में शामिल होगा या नहीं. लेकिन अगर अमेरिका शामिल नहीं भी होता है फिर भी दक्षिण एशियाई देश अगर जंग में शामिल होते हैं तो अमेरिका का प्रभाव होगा ही.














