
जमशेदपुर : कोरोना संक्रमण के काल में विभिन्न तरह के उद्यम व कार्यों पर लगे अलग-अलग अवधि के लॉकडाउन का प्रभाव अब तक नजर आ रहा है, इस कड़ी में अभी भी एक ऐसा वर्ग है, जिसे कार्य करने की छूट नहीं मिल पायी है, वह है अभिनय प्रतिभा दिखाने वाले कलाकार, जो सामूहिक रूप से अपने अभिनय की प्रस्तुति देते हैं. जमशेदपुर कलाकार संघ द्वारा जब यह बात सामने लायी गयी कि इस क्षेत्र में अभी तक कोरोना के कारण कार्य नहीं चलने के कारण अनेकों परिवार के सामने भोजन का संकट आ गया है. ऐसे में रेड क्रॉस सोसाईटी के उपाध्यक्ष विकास सिंह, मानद सचिव विजय कुमार सिंह तथा पेट्रन आशीष अग्रवाल ने तुरंत ही कलाकार संघ से आग्रह किया कि वे ऐसे लोगों की सूची दें ताकि उनको राशन सम्बन्धी सहायता रेड क्रॉस के माध्यम से दी जा सके. कलाकार संघ के 16 परिवारों को साप्ताहिक राशन पैकेट रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव बिजय कुमार सिंह ने रेड क्रॉस भवन, साकची से प्रदान किया.
सेफ्टी व डिजास्टर मैनेजमेंट की बैठक 3 से 10 सितंबर तक
सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट का 153वां बैच 3 सितम्बर से 10 सितम्बर तक आयोजित किया जायेगा. उक्त जानकारी देते हुए रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने कहा कि 3 से 10 सितम्बर तक चलने वाले सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट के इस बैच में नियमित कक्षाओं के साथ कोविड-19 पेन्डेमिक भी एक विषय के रूप में पढ़ाया जायेगा. उन्होने कहा कि वर्तमान समय में बाढ़ एवं अन्य आपदाओं को ध्यान में रखते हुए डिजास्टर मैनेजमेंट पाठ्यक्रम में इन विषयों पर जोर दिया जायेगा. ज्ञातव्य हो कि रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा प्रत्येक माह 3 से 10 तारीख तक सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट का 8 दिवसीय प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाता है.
8 सितंबर को आयोजित होगा रक्तदान शिविर
प्रत्येक माह की भांति इस माह की 8 तारीख को रेड क्रॉस भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन मोदी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयोजन में आयोजित किया जायेगा. 8 सितम्बर मंगलवार को आयोजित होने वाले शिविर में 8 जून 2020 से पूर्व के रक्तदान करने वाले रक्तदाता रक्तदान कर सकेंगे। वर्तमान समय में जब कोविड-19 का संक्रमण जारी है, ऐसे में रक्तदान में बड़ी कमी आयी है, जिसे दूसर करने में नियमित रक्तदाताओं की भूमिका बढ़ी है. रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने अनुरोध किया है कि 8 सितम्बर को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में रक्तदाता बढ़ चढ़कर भाग लें ताकि हर जरुरतमंद को समय से रक्त मिल सके व उनके जीवन को सुरक्षित किया जा सके.





