
जमशेदपुर : इंडियन रेलवे ट्रैवल्स कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपारेशन (आईआरसीटीसी) के द्वारा श्रीराम कृष्ण भारत दर्शन की यात्रा की शुरूआत की जा रही है. 20 मई 2021 को भारत दर्शन यात्रा की शुरुआत होगी. आईआरसीटीसी द्वारा 10 दिनों तक की यात्रा का प्रबंध किया गया है. इस दौरान आईआरसीटीसी द्वारा कुछ नियम बनाए गए है. इस नियम के तहत बिना एसी स्लीपर क्लास में पूरी यात्रा करनी होगी. इस यात्रा के दौरान शाकाहारी भोजन का सेवन करना होगा. इसी के साथ ट्रेन से यात्रियों को हरिद्वार, हृषिकेश, अमृतसर, वृंदावन, अयोध्या, वैष्णो देवी, मथुरा का पूर्ण भारत दर्शन कराया जाएगा. यात्रा के दौरान तीन टाइम भोजन भी कराया जाएगा. इसमें सुबह का नाश्ता, दोपहर का खाना व रात का खाना शामिल है. वहीं पर्यटन स्थलों पर रात्रि ठहराव की व्यवस्था की गयी है. इस पूरे क्रम में यात्री को एसी का लाभ नहीं मिलेगा. नॉन एसी वाले बस और ट्रेन में पर्यटको को दर्शन कराया जाएगा. 10 दिन की इस यात्रा के लिए कुल 9450 रुपय शुल्क यात्रियों को देना होगा. मालूम हो कि यात्री भारत दर्शन के लिए जाते तो हैं, परन्तु उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. अब इस यात्रा के लिए आईआरसीटीसी द्वारा स्पेशल ट्रेन का प्रावधान किया गया है, जिसके जरिए यात्रियों को कोई परेशानी नहीं होगी, वे आराम से भारत दर्शन का आनंद उठा सकेंगे.





