
जमशेदपुर : झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) ने मंगलवार को इस बार आयोजित नौवीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया. दोपहर 1:30 बजे राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने जैक के सभागार में ऑनलाइन रिजल्ट जारी किया. इस दौरान जैक के चेयरमैन अरविंद प्रसाद समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे. इस परीक्षा में राज्य भर से कुल 4 लाख 17 हजार 30 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 4 लाख 6 हजार 293 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है.
उल्लेखनीय है कि गत 21 व 22 जनवरी को इस परीक्षा का आयोजन किया गया था. लेकिन लॉकडाउन होने की वजह से परीक्षा का रिजल्ट आने में विलंब हुआ. परीक्षा परिणामों के मुताबिक इस परीक्षा में छात्रों की तुलना में छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा है. परीक्षा में करीब 2 लाख 12 छात्राओं ने सफलता हासिल की है, जबकि उत्तीर्ण होनेवाले छात्रों की संख्या 1 लाख 93 हजार के करीब है. बोर्ड की ओर से बताया गया है कि इसके बाद जल्द ही आठवीं कक्षा की परीक्षा के परिणामों की घोषणा की जायेगी. उसके बाद 11वीं कक्षा के रिजल्ट घोषित होंगे.
बता दें परीक्षा के बाद से ही आठवीं व 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों को भी रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है. नौवीं कक्षा के रिजल्ट जैक की वेबसाइट www. jac.jharkhand.gov.in पर देख सकते हैं.







