जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को आजाद बस्ती में शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी, जब रोज की तरह छठ घाट से स्नान कर लौट रही चिंता देवी (65 वर्ष) को तेज रफ्तार टेंपो ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में चिंता देवी गंभीर रूप से घायल हो गयी. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाते ही टेल्को थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. परिजन आनन-फानन में चिंता देवी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गए, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है. चिंता देवी पेशे से कपड़ा प्रेस करने का काम करती थीं और परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेंपो चालक दुर्घटना के बाद वाहन समेत मौके से फरार हो गया.



