
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत पेट्रोल पंप के पास एक तेज़ रफ्तार बुलेट ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दो लोग वाहन समेत सड़क पर काफी दूर जा गिरे. इधर स्थानीय लोगों ने बुलेट सवार के पकड़ा और घायलों को इलाज के लिए तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. एमजीएम में दोनों की स्थिति को देखते हुए टीएमएच रेफर कर दिया गया है. बताया जाता है कि दोनों घायल होश में नहीं हैं, जिस कारण अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पायी है. प्रत्यक्षदर्शी राजा गुप्ता ने बताया कि स्कूटी सवार दो लोग पेट्रोल पंप से पेट्रोल लेकर बाहर निकल रहे थे, तभी साकची की ओर से आ रहा एक बुलेट काफी तेजी से आयी और स्कूटी में टक्कर मार दी जिससे स्कूटी काफी दूर जा गिरी. फिलहाल घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.





