जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के डेंटल कॉलेज के पास मंगलवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में भिलाई पहाड़ी निवासी 35 वर्षीय प्रमोद कुंडू की मौत हो गयी जबकि मुखियाडांगा निवासी विशाल और मोनू गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार प्रमोद कुंडू उलिडीह ओपी के पास संजीविनी नेत्रालय नरसिंह होम में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे. मंगलवार दोपहर वह काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक जिस पर विशाल और मोनू सवार थे से उनकी जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने प्रमोद कुंडू को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल विशाल और मोनू का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. हादसे के बाद प्रमोद कुंडू के घर में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी गयी है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.








