जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके पटमदा थाना अंतर्गत सिसदा गांव में अवैध खनन करने को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए हिटाची को जब्त किया है. अंचलाधिकारी डॉ राजेंद्र कुमार दास के नेतृत्व में एक टीम द्वारा बुधवार को अवैध पत्थर खनन के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था. अंचलाधिकारी ने बताया जिला प्रशासन के निर्देश एवं गुप्त सूचना के आधार पर कई पत्थर खदानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें एक खदान में खनन कार्य होने की जानकारी मिली और खदान से एक हिटाची को जब्त करते हुए जांच की जा रही है.(नीचे भी पढ़े)
अभियान में खनन निरीक्षक अरविंद उरांव, पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर, पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत आदि शामिल थे. सूत्रों के मुताबिक जमशेदपुर निवासी पत्थर व्यवसायी एवं पटमदा थाना क्षेत्र के गाड़ीग्राम में क्रशर प्लांट चलाने वाले सुभाष शाही ने सिसदा गांव निवासी अभिनव सिंह से रैयती जमीन को लीज एग्रीमेंट पर लेकर पिछले कई वर्षों से खनन कार्य कर रहे थे. अंचलाधिकारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी एवं आगे की कार्रवाई होगी. इससे पूर्व इको सेंसेटिव जोन अंतर्गत ठनठनी घाटी समेत कई जगहों पर टीम द्वारा छापेमारी अभियान चलाया गया, जहां किसी तरह की कोई गतिविधि नहीं मिली. प्रशासन के इस अभियान से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.



