
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा और मोहर्रम को लेकर कड़ा रुख अख्तियार किया है. बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में दुर्गा पूजा और मोहर्रम को लेकर उपायुक्त रविशंकर शुक्ला और एसएसपी अनूप बिरथरे ने महत्वपूर्ण बैठक की. इस बैठक में तमाम दुर्गा पूजा कमेटी के लोगों के अलावा विभिन्न समाज के लोगों ने हिस्सा लिया. इस दौरान उपायुक्त रविशंकर शुक्ला और एसएसपी अनूप बिरथरे ने साफ तौर पर हिदायत दी कि दोनों ही पूजा सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, यह सभी थाना की शांति समितियों का प्रथम दायित्व है. खास तौर पर 15 से 25 साल तक के युवाओं पर लगाम लगाने की जरूरत पर बल देते हुए एसएसपी ने कहा कि शांति समिति के लोग अपने इलाके में लोगों से बातचीत करते रहे. लोगों को समझाते रहे कि किस तरह प्रशासन कार्रवाई कर रही है और क्या किया जाना है और क्या नहीं किया जाना है, इसकी भी मुहल्लों में जानकारी दी जाये.
इस दौरान एसएसपी ने सख्त हिदायत दिया कि मोहर्रम हो या फिर नवरात्री के दौरान किसी तरह भड़काऊं भाषण, नारेबाजी या लाउडस्पीकर पर भड़काऊं गाने कोई बजाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. ऐसे तत्वों की पहचान कर सीधे जेल भेजा जायेगा. दूसरे समुदाय, जाति या संप्रदाय के खिलाफ किसी तरह की टिका-टिप्पणी करने वालों को सीधे जेल भेजा जायेगा. खास तौर पर सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की साइबर टीम काम कर रही है. ऐसे सोशल साइट्स और सोशल मीडिया पर की जा रही टिका-टिप्पणी पर भी नजर रखी जा रही है.

अगर सोशल मीडिया के माध्यम से कोई भी भड़काऊं पोस्ट भी करेगा तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी. इस दौरान उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे लोग शांतिपूर्वक तरीके से दोनों ही पर्व को मनाये क्योंकि जमशेदपुर की पहचान सौंहार्द के रुप में ही की जाती है. इस दौरान शांति समिति और दुर्गा पूजा के अलावा मोहर्रम कमेटी के लोगों ने शिकायत की है कि उनको जो सुविधाएं दी जानी चाहिए, वह नहीं मिल रही है. सामान्य तौर पर इस बैठक में पानी, बिजली और सड़क की समस्याओं को भी लोगों ने उठाया, जिसको जिला प्रशासन ने ससमय दूर करने का आश्वासन दिया.

















