
जमशेदपुर : जमशेदपुर में व्यापारियों के बाद अधिवक्ता पर भी निशाना बनाया जा रहा है. इस कड़ी में बुधवार को जमशेदपुर के बार एसोसिएशन के सदस्य और अधिवक्ता गौरव पाठक का पोटका के गीतिलता के पास अपराधियों द्वारा पीछा किया गया और रंगदारी की मांग की गयी. रंगदारी नहीं देने की हालत में जान से मार देने की धमकी भी दी गयी है. इस मामले को लेकर पोटका थाना में एक एफआइआर दायर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जमशेदपुर के सिदगोड़ा पदमा रोड निवासी सुनील कुमार पाठक के पुत्र गौरव कुमार पाठक बुधवार को सुबह करीब पौने दस बजे अपने घर से अपनी पत्नी को बीएड की परीक्षा दिलाने के लिए रंभा कॉलेज, गीतिलता के लिए अपनी कार में पत्नी के साथ जा रहे थे. इसी दौरान गीतिलता के पास अधिवक्ता गौरव पाठक ने देखा कि तीन गाड़ी पर सवार छह लड़के उनका पीछा कर रहे है. उसमें से दो गाड़ी का नंबर (जेएच05-सीडी-2063 और जेएच05बीएक्स-5358) लगा था जबकि एक गाड़ी बिना नंबर का था. उन्होंने कार तेजी से आगे बढ़ा दी, जिस कारण गाड़ियों पर सवार युवकों ने उनको रंभा कॉलेज मोड़ के पास रोक दिया और उनसे 50 हजार रुपये देने को कहा और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. उन्होंने इन लोगों से कहा कि वे लोग वक्त दें, वे अपनी पत्नी को परीक्षा देने के लिए छोड़कर आते है, जिसके बाद वे रंभा कॉलेज पहुंचकर स्थानीय थाना को उपरोक्त घटना की सूचना दी और थाना प्रभारी से आश्वासन पाकर कि वे सहायता भेज रहे है, जिसके बाद वे पुलिस अधीक्षक और अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी. उनके परिजनों के रंभा कॉलेज में पहुंचने पर सभी स्थानीय थाना पोटका जाने के लिए निकले तो वे लोग कॉलेज मोड़ क ेपास खड़े होकर कहने लगे कि तुम सभी को मरवा देंगे, तेज बनता है. इसके बाद वह थाना जाकर केस दर्ज की. इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है.




