
जमशेदपुर : कोरोना महामारी के संभावित दूसरे वेभ को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन लगातार लोगों को जागरूक करने के साथ जिले के सभी चेक नाकों को सक्रिय कर रखा है. साथ ही शहर के सभी बड़े बाजारों में भी सख्तियां बढ़ा दी है. जगह-जगह कोरोना जांच अभियान चलाया जा रहा है. जिला प्रशासन की ओर से कोरोना के फैलाव को रोकने की दिशा में हर संभव जरूरी एहतियात बरती जा रही है.
उधर लगातार प्रशासन के अनुरोध के बाद भी शहर के फुटपाथी दुकानदार एवं नियमित दुकानदार नियम कानून को ताक पर रखकर अपनी दुकानें लगा रहे हैं. बुधवार को जिला पुलिस एवं प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए साकची बाजार में विशेष अभियान चलाया और फुटपाथ पर दुकान लगा रहे स्ट्रीट वेंडरों को चिन्हित स्थल पर दुकान लगाने की चेतावनी दी. साथ ही नियमित दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर लगाए गए दुकानों के सामानों को भी जप्त किया गया. उधर सिटी एसपी ने साफ कर दिया है कि आगे से अगर दुकानदार नियम की अवहेलना करते पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
वहीं स्ट्रीट वेंडरों के लिए उन्होंने नसीहत जारी करते हुए कहा कि वे चिन्हित स्थल पर पर ही जाकर अपनी दुकानें लगाएं, ताकि कोरोना के फैलाव को कम किया जा सके. कुल मिलाकर जमशेदपुर जिला प्रशासन कोरोना महामारी के रोकथाम को लेकर हर संभव प्रयास में जुटी हुई है. जरूरत है आम लोगों को भी प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर सहयोग करने की.



