जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को स्थित लोयोला स्कूल की चहारदीवारी से सटे क्षेत्र में लंबे समय से संचालित अवैध दुकानें, ठेले और भारी वाहनों की पार्किंग को प्रशासन ने हटाया. विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इन गतिविधियों से विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही थी. विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि 9 अगस्त 2025 की सुबह करीब छह बजे चारदीवारी से सटी एक दुकान में आग लग गई थी. आग की लपटों से पास स्थित एचटी विद्युत पोल और विद्यालय की चारदीवारी भी प्रभावित हुई थी. (नीचे भी पढ़ें)

आग पर स्थानीय स्तर पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका, जिसके बाद अग्निशमन विभाग को मौके पर पहुंचकर आग बुझानी पड़ी. विद्यालय परिसर के अंदर ट्रांसफॉर्मर और जनरेटर स्थापित हैं, जबकि चहारदीवारी के ऊपर से करीब 11 हजार वोल्ट की एचटी विद्युत लाइन गुजरती है. ऐसे में आग जैसी घटना से बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इसी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई. प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों और विद्यालय समुदाय की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.




