जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित पुलिस केंद्र में शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा नवनिर्मित पुलिस परिवार बाल उद्यान का उद्घाटन किया गया. पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के परिवारों के लिए विकसित इस उद्यान का उद्देश्य बच्चों को मनोरंजन के बेहतर साधन उपलब्ध कराना तथा परिवारों के लिए सुरक्षित और सुखद वातावरण सुनिश्चित करना है. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मियों के परिवारों के कल्याण और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की पहलें अत्यंत महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने कहा कि उद्यान में बच्चों के खेलने-कूदने और परिवारों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताने के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया. अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने पौधारोपण कर हरित वातावरण के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया. यह पहल पुलिस परिवारों के सामाजिक, मानसिक और पारिवारिक कल्याण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है.







