जमशेदपुर : जेपीएससी व जेएसएससी मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच एवं छात्रों के साथ न्याय की मांग को लेकर आहूत झारखंड बंद के समर्थन में भाजपा गोलमुरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने गोलमुरी बाजार में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया. मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाजार के दुकानदारों एवं व्यवसायियों से बंद में सहयोग का आग्रह किया. इस अवसर पर भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे और बाजारवासियों से छात्रों के समर्थन में बंद को सहयोग देने का आह्वान किया. आग्रह पर बड़ी संख्या में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर बंद को समर्थन दिया. (नीचे भी पढ़ें)
दिनेश कुमार ने कहा कि झारखंड के युवा अपने भविष्य और अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं. जेपीएससी व जेएसएससी से जुड़े मामलों में छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनने के बजाय उनके आंदोलन के दौरान जिस प्रकार की कार्रवाई हुई, वह दुर्भाग्यपूर्ण है. आज का बंद छात्रों की आवाज को मजबूती देने और सरकार तक उनकी मांग पहुंचाने का लोकतांत्रिक माध्यम है. उन्होंने कहा कि जेपीएससी व जेएसएससी मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच होनी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आए और दोषियों की जवाबदेही तय हो सके. उन्होंने गोलमुरी के व्यापारियों द्वारा बंद को दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों का यह समर्थन छात्रों के न्यायपूर्ण संघर्ष के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाई नहीं जा सकती. (नीचे भी पढ़ें)

सरकार को दमन के बजाय संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए. युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों का समाधान पारदर्शी और निष्पक्ष जांच के माध्यम से होना चाहिए. इस दौरान हलधर नारायण साह, बंटी अग्रवाल, हरेराम यादव, बी. श्रीनिवास राव, लक्ष्मण बेहरा, सुरेन्द्र सिंह शिंदे, पंकज शर्मा, सन्नी सिंह चौहान, भरत बेहरा, संदीप आइच, कमल गुप्ता, मोहम्मद फैयाज, नौशाद खान, मोहम्मद बाबला, खतीब खान टिंकू, बच्चबाबू शर्मा, राजेश कुमार, नवीन तिवारी, जयदीप मुखर्जी, रणजीत शर्मा, ऋषभ सिंह, नरेंद्र सिंह, दीपक मुखर्जी, रविनाथ घोष सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.




