
जमशेदपुर : जमशेदपुर से भागलपुर जा रही एक यात्री बस (शंकर-पार्वती बस) देवघर के पास पालाजोरी के पास उलट गई जिससे बस पर सवार एक महिला यात्री की मौत हो गयी. मरने वाली महिला आदित्यपुर 2 के लाइन नंबर 24 की रहने वाली सीता देवी है, जो अपने जीजा के श्राद्ध में शामिल होने के लिए भागलपुर जा रही थी कि रास्ते में यह हादसा हो गया, जिससे उनकी मौत हो गयी. इस घटना के दौरान टाटा स्टील के सेवानिवृत कर्मचारी और उनके प ति डीएन यादव भी सवार थे, जिनको चोटें आयी है. उनको तत्काल परिजनों ने टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) शिफ्ट कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है, जो खतरे से बाहर बताये जा रहे है. मृत महिला अपने पीछे पति के अलावा एक बेटे और तीन बेटी को छोड़ गयी है. महिला की उम्र 65 साल बताया जा रहा है. बताया जाता है कि देवघर के पालाजोरी थाना के खाका ओपी इलाके के असहना ब्रह्मसोली के पास यह हादसा हुआ. जब यह हादसा हुआ तब बस का खलासी बस को चला रहा था जबकि खुद चालक बगल में बैठा था. यात्रियों ने बताया कि बस का चालक और खलासी दोनों ने शराब पी ली थी, जिस कारण यह हादसा हुआ. बताया जाता है कि जब यह हादसा हुआ तो बस पर नियंत्रण नहीं हो पाया, जिस कारण बस को पहले एक पोल पर टक्कर मारी और फिर गड्ढे में बस गिर गयी, जिससे उक्त महिला की मौत हो गयी जबकि दस लोग घायल हो गये.







