जमशेदपुर : जमशेदपुर के विभिन्न पंचायत क्षेत्र इन दिनों डेंगू एवं अन्य मच्छर जनित बीमारियों के प्रकोप से जूझ रहे हैं. जिला परिषद क्षेत्र संख्या 05 के कुछ क्षेत्र डेंगू के हॉट स्पॉट के रूप में चिह्नित भी हुए हैं. किन्तु इन क्षेत्रों में मच्छरों से बचाव के लिए खरीदी गयी फॉगिंग मशीनें पंचायत भवन की शोभा बढ़ा रही हैं. जिससे क्षेत्र के पंचायती राज जनप्रतिनिधियों की लापरवाही सामने आ रही है. (नीचे भी पढ़ें)

जिला परिषद क्षेत्र संख्या 5 से सटी पश्चिमी घोड़ाबंधा ग्राम पंचायत के जन प्रतिनिधियों की लापरवाही को लेकर जमशेदपुर महानगर भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता अंकित आनंद ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर कर पंचायत की मुखिया एवं अन्य जन प्रतिनिधियों पर जनहित के मामलों में लापरवाही एवं शिथिलता बरतने का आरोप लगाया है. विडियो में दिखाया गया है कि पश्चिम घोड़ाबंधा ग्राम पंचायत के पंचायत भवन में फॉगिंग मशीन डब्बे में पैक कर के रखी हुई है. दावा है कि यह मशीन ग्राम पंचायत के पिछले कार्यकाल में तत्कालीन मुखिया विजय हांसदा के कार्यकाल में पंचायत फंड से खरीदी गई थी, ताकि ग्रामीणों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाया जा सके. मशीन खरीद के कुछ ही दिनों बाद चुनाव हुआ जिसमें गुलाबी सिंह सरदार मुखिया निर्वाचित हुईं. वर्तमान मुखिया एवं जनप्रतिनिधियों ने अबतक इसकी सुधि लेना भी जरूरी नहीं समझा है, जिससे उक्त फॉगिंग मशीन अब तक पंचायत भवन की ही शोभा बढ़ा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
अंकित आनंद ने पंचायत प्रतिनिधियों पर ग्रामीणों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा है कि यह लापरवाही की पराकाष्ठा है. जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग मच्छर जनित बीमारियों से पीड़ित हो रहै हैं, किन्तु उपकरण रहने के बाद भी उनसे बचाव की दिशा में कोई पहल नहीं हो पा रही है. अंकित आनंद ने अपनी ट्वीट के जरिये उपायुक्त, उप विकास आयुक्त व प्रखंड विकास पदाधिकारी का ध्यान इस ओर आकर्षित कराने की कोशिश की है. उन्होंने मांग की है कि इस मामले में प्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करते हुए इसके लिए कारण पृच्छा की जानी चाहिए. अंकित आनंद ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इस मामले में संज्ञान लेकर उचित पहल करेगा.



