
जमशेदपुर: झारखंड राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के कार्यालय प्रभारी संजय तिवारी द्वारा सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए 18+ के युवाओं को जबरन वैक्सीन दिलवाने के मामले में भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है. सोमवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव एसएसपी से मिलने पहुंचे. उन्होंने एसएसपी से लिखित शिकायत कर मामले के आरोपी संजय तिवारी और अन्य की गिरफ्तारी की मांग की है. उन्होंने कहा की स्वास्थ्य मंत्री के ही कार्यालय प्रभारी दंबगई दिखा रहे है. उनके खिलाफ कदमा थाना में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला भी दर्ज किया गया है जो गैर जमानतीय है. बावजूद इसके आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. इस मामले में अविलंब कार्रवाई की जाए. बता दें कि 11 मई को कदमा फार्म एरिया में 45 वर्ष से ज्यादा के लोगों को वैक्सीन दी जा रही थी. उस दौरान बन्ना गुप्ता के कार्यालय प्रभारी संजय तिवारी वहां पहुंचे और 45 वर्ष से कम के लोगों को जबरन वैक्सीन दिलवाई. कुल 35 लोगों को वैक्सीन दिलवाने के बाद उन्होंने खुद ही हस्ताक्षर भी किया था. इस मामले में कदमा थाना में मामला दर्ज कराया गया था.




