
जमशेदपुर: जमशेदपुर में इन दिनों फ्रंटलाइन वर्कर्स में शामिल पुलिस कर्मी भी लगातार संक्रमित हो रहे है. वही अस्पतालों में भी बेड की कमी है. इसी कमी को पूरा करने के लिए जिला पुलिस ने प्रशासन और मारवाड़ी युवा मंच के सहयोग से गोलमुरी पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन को कोविड आइसोलेशन सेंटर बनाया गया है. सोमवार को एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने इसका उद्घाटन कर पुलिस कर्मियों को समर्पित कर दिया. इस आइसोलेशन सेंटर में 30 बेड की सुविधा उपलब्ध है जिसमे 12 बेड महिलाओं के लिए और 18 बेड पुरुषों के लिए उपलब्ध होगा. साथ ही 15 बेड ऑक्सीजन युक्त होंगे. एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने बताया कि विभाग को एक आइसोलेशन सेंटर की आवश्यकता थी. इसके बन जाने के बाद काफी सहूलियत होगी. इस सेंटर में पुलिस एसोसिएशन अपने वेलफेयर फंड से खाने पीने की व्यवस्था कर रही है. ऑक्सीजन सिलेंडर जिला प्रशासन उपलब्ध करा रही है वहीं मास्क आदि माडवाड़ी युवा मंच की ओर से उपलब्ध कराया जा रहा है. मौके पर एंबुलेंस की भी व्यवस्था है. अगर किसी मरीज को रेफर किया जाए तो एंबुलेस से उसे संबंधित अस्पताल ले जाया जाएगा. इसकी निगरानी के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारी की नियुक्ति को गई है. उन्होंने बताया कि अगर किसी पुलिस कर्मी का पूरा परिवार भी कोरोना पॉजिटिव को जाता है तो उसके आइसोलेशन की भी व्यवस्था है.




