जमशेदपुर : बिष्टुपुर में डीडी बार के समीप हुई चापड़बाजी की घटना में जख्मी हिमांशु सिंह की उपचार के दौरान हुई मृत्यु पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि यह घटना राज्य में विफल कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते मनोबल का प्रत्यक्ष प्रमाण है. अमित ने कहा कि आज जमशेदपुर में आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है. शहर में हत्या, लूट, रंगदारी जैसे अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि पुलिस अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय केवल औपचारिकताओं तक सीमित दिखाई दे रही है. ऐसी घटनाओं ने साफ कर दिया है कि अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या केवल एक परिवार की अपूरणीय क्षति नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है. यदि समय रहते अपराधियों पर कठोर कार्रवाई होती और कानून का भय कायम रहता, तो ऐसी घटनाएं रोकी जा सकती थीं. जिला पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्न खड़े करते हुए उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग की एवं कहा कि इसमें लापरवाही या उदासीनता बरतनेवाले पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध तत्काल कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से हत्या में शामिल सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाते हुए कठोरतम दंड दिलाने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिले और समाज में यह स्पष्ट संदेश जाए कि कानून से ऊपर कोई नहीं है. उन्होंने शहर में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अपराध नियंत्रण अभियान चलाने, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सघन कार्रवाई करने एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की जवाबदेही तय करने की भी मांग की.







