जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में चर्चित मोहम्मद जब्बार हत्याकांड और हाल ही में हुई डेढ़ लाख रुपये की लूट व फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी तारिक कुरैशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से एक लोडेड पिस्टल और एक जिंदा गोली भी बरामद की गई है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. एसडीपीओ अरविंद बिन्हा ने बताया कि करीब सात वर्ष पूर्व डेमडुब्बी इलाके में कपाली ओपी के पूर्व चालक मोहम्मद जब्बार की तड़के सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. जांच के दौरान तारिक कुरैशी का नाम सामने आया था. वह डेमडुब्बी अंसार नगर का निवासी है और घटना के बाद से फरार चल रहा था. पुलिस को सूचना मिली थी कि वह वर्तमान में महाराष्ट्र के नागपुर में रह रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
इधर हाल ही में कपाली के डेमडुब्बी इलाके में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से हथियार के बल पर करीब डेढ़ लाख रुपये की लूट की गई थी. अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए एक राउंड फायरिंग भी की थी. घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक खाली खोखा बरामद किया था, जबकि पूरी वारदात पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. एसडीपीओ ने बताया कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही थी. विशेष टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसके बाद तारिक कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है. अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा.







