जमशेदपुर/चाईबासा : जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज में व्याप्त समस्याओं और विभिन्न मांगों को लेकर कॉलेज के विद्यार्थियों ने चाईबासा स्थित कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर गंगाधर पांडा और कुलसचिव जयंत शेखर से मुलाकात की. मुख्य रुप से विद्यार्थियों की ओर से अमर कुमार तिवारी ने कुलपति और कुलसचिव से मुलाकात की और लॉ कॉलेज की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया. साथ ही मांग पत्र भी सौंपा. (नीचे भी पढ़ें)
जिसमें एल एल एम और पीएचडी की नामांकन सुविधा न होना, पर्याप्त किताबों की समस्या, कॉलेज बिल्डिंग की मरम्मत, ग्रीष्म अवकाश में ऑनलाइन क्लास की सुविधा, स्थाई शिक्षकों की नियुक्ति और क्लासरुम में बेंच जैसी मूलभूत सुविधा न होने की जानकारी कुलपति को दी. इसपर कुलपति गंगाधर पांडा ने कहा कि वे सेवानिवृत होने से पहले स्थाई शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आवेदन करेंगे और साथ ही गर्मियों की छुट्टियों में ऑनलाइन क्लास शुरु करवाएंगे. वहीं कुलपति जयंत शेखर ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि वे उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास करेंगे.



