जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने भाजपा द्वारा आयोजित बंद कार्यक्रम पर कड़ा प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा ने बंद का आह्वान कर अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मारने का काम किया है. छात्रों के आंदोलन में जबरन राजनीतिक हस्तक्षेप करने और अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाने की भाजपा की रणनीति अब पूरी तरह जनता के सामने बेनकाब हो चुकी है.परविंदर सिंह ने कहा कि छात्रों के आंदोलन को भाजपा अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए इस्तेमाल करना चाहती थी. भाजपा नेताओं की मंशा साफ थी कि किसी भी तरह हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार और कांग्रेस को बदनाम किया जाए, लेकिन उनकी यह रणनीति पूरी तरह विफल हो गई. जनता ने भाजपा के बंद को सिरे से नकार कर यह स्पष्ट कर दिया है कि वह राजनीतिक स्वार्थ के लिए छात्रों के मुद्दों का इस्तेमाल करने वालों के साथ नहीं है.उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता अपने आपको ‘तीसमार खां’ साबित करने के लिए मंगलवार को बंद का आयोजन कर रहे हैं, जबकि सर्वविदित है कि मंगलवार को जमशेदपुर सहित कई स्थानों पर दुकानें और प्रतिष्ठान सामान्यतः बंद रहते हैं. ऐसे दिन बंद का आयोजन कर भाजपा केवल अपनी पीठ थपथपाने का प्रयास कर रही है. जनता ने उनके इस राजनीतिक ड्रामे को पूरी तरह खारिज कर दिया है.(नीचे भी पढे)
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि एक ओर भाजपा झारखंड में छात्रों के मुद्दे पर घड़ियाली आंसू बहा रही है, वहीं दूसरी ओर जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़ी अनियमितताओं के मामलों में राज्य सरकार द्वारा दोषियों और आरोपितों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. जांच और कानूनी प्रक्रिया के तहत जिन लोगों की भूमिका सामने आ रही है, उनके विरुद्ध गिरफ्तारी और कार्रवाई हो रही है. ऐसे में भाजपा का श्रेय लेने का प्रयास उसकी राजनीतिक हताशा को दर्शाता है. उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि जब दिल्ली में छात्र अपने अधिकार और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे, तब उनके साथ किए गए कथित कठोर व्यवहार पर भाजपा की नैतिकता कहां थी? छात्रों पर लाठी-डंडे चलाने, बल प्रयोग करने तथा आंदोलन से जुड़े लोगों पर कार्रवाई किए जाने के मामलों को लेकर भाजपा को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए. छात्रों के अधिकारों की बात करने से पहले भाजपा को अपने शासनकाल में छात्रों के साथ हुए व्यवहार का जवाब देना चाहिए. (नीचे भी पढे)
परविंदर सिंह ने कहा कि भाजपा की दोहरे चरित्र वाली राजनीति और राजनीतिक हथकंडों को अब जनता समझ चुकी है. छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने, सरकार को बदनाम करने और अपने राजनीतिक हित साधने की कोशिश पूरी तरह उजागर हो चुकी है.उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के न्याय, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के पक्ष में हमेशा मजबूती से खड़ी रही है. छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए.अंत में परविंदर सिंह ने भाजपा के बंद कार्यक्रम की कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा कि जनता ने भाजपा की इस राजनीति को नकार दिया है और अब भाजपा को छात्रों के नाम पर राजनीति करने के बजाय केंद्र में अपने कार्यकाल के दौरान छात्रों से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए.




