जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागुनहातु चौक स्थित मां दुर्गा ज्वेलर्स से जाली चेक के जरिए सोने के आभूषण खरीदने के मामले में मुख्य आरोपी चंदन यादव की जमानत याचिका न्यायालय ने खारिज कर दी है. आरोपी 19 दिसंबर 2025 से न्यायिक हिरासत में है तथा उसकी पत्नी सपना यादव उर्फ सपना कालिंदी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्वेलरी व्यवसायी संजय सोनी, प्रोपराइटर मां दुर्गा ज्वेलर्स, ने थाना सिदगोरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 मई 2025 एवं 23 मई 2025 को आरोपी चंदन यादव एवं उसकी पत्नी सपना यादव उर्फ सपना कालिंदी ने दुकान से कुल लगभग 2.09 लाख रुपये के सोने के आभूषण खरीदे और भुगतान के लिए दो चेक दिए. जब इन चेकों को बैंक में प्रस्तुत किया गया तो बैंक द्वारा बताया गया कि दोनों चेक फर्जी हैं और उन पर किए गए हस्ताक्षर भी जाली हैं. इसके बाद आरोपियों ने न तो राशि का भुगतान किया और उल्टे दुकान मालिक को धमकी भी दी. (नीचे भी पढ़ें)
इस मामले में थाना सिदगोरा में मामला दर्ज किया गया है. आरोपी चंदन यादव द्वारा कनकन पट्टादार, जिला अतिरिक्त न्यायाधीश -1 की अदालत में जमानत याचिका दाखिल की गई थी, तथा सपना यादव की अग्रिम जमानत दाखिल की गई थी जिसका अभियोजन पक्ष की ओर से अधिवक्ता गौरव पाठक ने कड़ा विरोध किया. न्यायालय ने मामले की गंभीरता और आर्थिक अपराध की प्रकृति को देखते हुए आरोपी की जमानत याचिका को खारिज कर दिया. यह मामला जमशेदपुर शहर के व्यापारिक जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है और न्यायालय के इस फैसले से यह संदेश गया है कि जालसाजी और धोखाधड़ी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

















