
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी स्थित आर्मी कैंप के पास से स्वीगी के डिलीवरी ब्वॉय का मोबाइल छीनकर भाग रहे बाइक सवार दो युवकों को साकची चौक के पास पकड़ा गया. पुलिस दोनों युवक को थाना ले गई जहां युवकों के पास से मोबाइल बरामद कर ली गई है. दोनों युवक नाबालिग बताए जा रहे है. इस मामले में पीड़ित इंद्रजीत कुमार राय ने बताया कि वह पार्सल लेकर आर्मी कैंप के पास खड़ा था, इस दौरान वह अपना फोन निकालकर बात करने लगा. पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और उसका मोबाइल छीनकर साकची की ओर भागने लगे. वह अपनी बाइक से दोनों का पीछा करने लगा.
साकची चौक के पास आकर दोनों बदमाश जाम में फंस गए, जिसके बाद उसने दोनों को पकड़ लिया. पीछे से पीसीआर की गाड़ी आई और दोनों को थाने ले गई. इस मामले में नाबालिग चोर ने बताया कि वह आरआइटी थाना क्षेत्र के मेरुडीह गांव का रहने वाला है. वह अपने साथी के साथ मोबाइल छिनतई की कई घटनाओं का अंजाम दे चुका है. मोबाइल छीनने के बाद उसका साथी शंकर नामक युवक को मोबाइल बेचने के लिए दे देता था. मोबाइल जितने रुपए में बिकते थे उसका साथी आधा हिस्सा उसे दे दिया करता था. फिलहाल पुलिस इनके अन्य साथियों का पता लगा रही है.








