जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत जानीगोड़ा निवासी राजेंद्र कुमार शर्मा (30) को पड़ोस में रहने वाले युवक राहुल ने डंडे से मार कर घायल कर दिया. स्थानीय लोगों ने राजेंद्र को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. राजेंद्र स्कूल वैन चलाता था और उसकी पत्नी घर में टेलरिंग का काम कर जीवन यापन करती है. इस संबंध में राजेंद्र के भाई ने बताया कि इलाके में आए दिन नशे की हालत में लोग आपस में झगड़ते रहते हैं, गुरुवार की रात भी एक दंपती आपस में नशे की हालत में लड़ाई कर रहे थे. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
राजेंद्र दोनों को झगड़ता देखकर उन्हें समझाने गया. वह समझा कर वापस आ ही रहा था कि दंपती के बेटे राहुल ने पीछे से राजेंद्र के सिर पर डंडे से जोर से हमला कर दिया, जिससे राजेंद्र वहीं पर गिर गया. उसके सर से काफी खून निकलने लगा. खून देखकर राहुल डंडा छोड़ते हुए मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने राजेन्द्र को उठाया और इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर आए, पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. इस मामले में पुलिस को सूचना दी गई है. पुलिस हत्यारोपी राहुल की तलाश कर रही है. वह फरार बताया जा रहा है.






