
जमशेदपुर : उलीडीह थाना अंतर्गत राजीव पथ में 15 जनवरी की सुबह स्थानीय निवासी सुमन रक्षित की हत्या उसके दो दोस्तों ने ही की थी. इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. दोनों युवकों ने अपना गुनाह भी कबूल कर लिया है. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बंदूक और बाइक को जब्त कर लिया है. पूछताछ के क्रम में दोनों ने बताया है कि हत्या रुपये के लेनदेन को लेकर की गई थी. घटना के एक दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था. फिलहाल अभी तक पुलिस ने दोनों के नाम का खुलासा नहीं किया है. ज्ञात हो कि 15 जनवरी को डिमना रोड निवासी सुमन रक्षित को घर से 100 मीटर की दूरी पर दो युवकों ने गोली मार दी थी. उसे इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया था.







