जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र से दो नाबालिग लड़कियों के अपहरण का गंभीर मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़ित परिवार की ओर से थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गयी है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि दोनों लड़कियों को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर भगाया गया है. घटना 23 जून की शाम की बताई जा रही है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह मामला तब प्रकाश में आया जब 23 जून की शाम लगभग 6 बजे दोनों नाबालिग लड़कियां घर से निकलीं लेकिन देर रात तक नहीं लौटीं. जब परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, तो मोहल्ले में पूछताछ के दौरान यह सूचना मिली कि लड़कियों को सरायकेला-खरसावां जिले के कोलाबिरा निवासी सुमित मंडल नामक युवक ने अन्य दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर भगाया है. इस शिकायत के आधार पर गोलमुरी थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 366ए और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमित मंडल के अलावा दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों को भी नामजद किया है. मामले की जांच शुरू कर दी गयी है और पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर लड़कियों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिन दो लड़कियों को भगाया गया है, उनमें एक की उम्र 15 वर्ष जबकि दूसरी की उम्र 17 वर्ष है. दोनों ही बालिग नहीं हैं, इस कारण मामला गंभीर बनता है और पुलिस इसे मानव तस्करी अथवा नाबालिगों के शोषण के एंगल से भी देख रही है. पीड़ित परिवार मानसिक रूप से बेहद परेशान है और जल्द से जल्द बच्चियों की सकुशल वापसी की मांग कर रहा है. गोलमुरी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित कर दी गयी है, जो तकनीकी और मैनुअल दोनों माध्यमों से आरोपियों की खोज में जुटी है. कॉल डिटेल्स और मोबाइल लोकेशन को खंगाला जा रहा है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस का मानना है कि यह मामला योजनाबद्ध तरीके से अपहरण का हो सकता है, जिसमें लड़कियों को शादी का झांसा देकर बहलाया गया है, जिस तरीके से दोनों एक साथ गायब हुई हैं और आरोपी पहले से उन्हें जानता था, उससे यह संदेह गहराता है कि घटना पूर्व नियोजित थी. फिलहाल पुलिस ने लड़की के परिजनों के बयान के आधार पर जांच तेज कर दी है और जल्द ही बच्चियों को बरामद कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का दावा कर रही है.



