
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत बजरंग अखाड़ा के पास स्थित चंद्र ज्वेलर्स के संचालक गणेश चंद्रा को शनिवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. इधर स्थानीय लोगों ने कदमा पुलिस को सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गणेश को इलाज के लिए टीएमएच लेकर गए जहां उनका इलाज चल रहा है. गोली उनके पेट में लगी है. फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है. इधर सूचना पाकर सिटी एसपी सुभाष चन्द्र जाट, डीएसपी हेडक्वार्टर 2 अरविंद कुमार और कदमा थाना प्रभारी मनोज ठाकुर भी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया. पुलिस को घटनास्थल से जांच में एक जिंदा गोली और एक खोखा मिला है. बताया जाता है गणेश अपनी दुकान बंद कर घर जाने के लिए तैयार हो रहे थे. दुकान बंद करने के दौरान है अपराधी मौके पर पहुंचे और गणेश को गोली मार दी. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.







