
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत सफीगंज मोहल्ले में सफीगंज निवासी राजवीर मेहता पर अपराधियों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. उसको घायल अवस्था में सदर अस्पताल पहुंचाया गया स्थिति नाजुक होने पर चिकित्सकों ने युवक को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. सफीगंज मोहल्ला निवासी राजवीर मेहता अपने एक अन्य साथी के साथ रांची जाने की तैयारी कर रहा था तभी अचानक राजवीर के घर के पास जुगसलाई निवासी सन्नी सिंह और बागबेड़ा बजरंग टेकरी निवासी आकाश यादव ने पुराने किसी बात को लेकर राजवीर मेहता पर जानलेवा हमला कर दिया. इस दौरान राजवीर के शरीर पर चाकू और बोतल से हमला कर उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया. राजवीर को मारने के बाद दोनों आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए. किसी तरह लहूलुहान अवस्था में राजवीर के मित्र ने राजवीर को सदर अस्पताल पहुंचाया और इसकी सूचना जुगसलाई पुलिस को दी. जुगसलाई पुलिस और परसुडीह पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और राजवीर का बयान दर्ज किया जहां स्थिति नाजुक होता देख सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने राजवीर को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. वही इस संबंध में जानकारी देते हुए जुगसलाई थाना प्रभारी तरुण कुमार ने बताया कि घटना के पीछे पुरानी दुश्मनी की बात सामने आ रही है. सनी और आकाश द्वारा राजवीर पर हमला कर उसे बुरी तरह से घायल किया गया है. साथ ही उन्होंने घटना के पीछे नशे के लत का कारण भी बताया जा रहा है. पुलिस हमलावर को हिरासत में ले रही है.







