जमशेदपुर : जमशेदपुर कोर्ट ने रंगदारी के एक मामले में कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया है. अखिलेश सिंह के साथ उनके साथी राजेश झा और जसबीर सिंह को कोर्ट ने बरी कर दिया है. गुरुवार को अखिलेश सिंह के अधिवक्ता प्रकाश झा और विद्या सिंह ने उनके बचाव में बहस की, जिसके बाद कोर्ट ने अखिलेश सिंह और अन्य को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया. अखिलेश सिंह अभी दुमका जेल में बंद है जबकि जसबीर सिंह होटवार जेल, रांची में बंद है. अखिलेश सिंह वर्ष 2013 में जेल से बाहर था और आजसू में वह योगदान दे चुका था. उस दौरान जमशेदपुर के एग्रिको ट्रांस्पोर्ट मैदान में आजसू का सम्मेलन आयोजित किया गया था. इस मैदान में आयोजन को लेकर बड़े बड़े होर्डिंग अखिलेश सिंह के लगाये गये थे, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में ट्रांस्पोर्टरों और कारोबारियों से रंगदारी मांगने का एक केस अखिलेश सिंह और अन्य लोगों पर दायर कर दिया था. इस मामले में पुलिस रंगदारी मांगने का किसी तरह का कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सकी, जिसके बाद कोर्ट ने उसको बरी कर दिया.






