
जमशेदपुर : कोरोना काल में इन दिनों साइबर अपराधी भी अपराध करने से पीछे नहीं हट रहे है. कभी फर्जी बैंक अधिकारी बन तो कभी निजी जानकारी हासिल कर ठग लोगों को अपना शिकार बनाते है. ताजा मामला साकची धालभूम रोड निवासी सुरोजीत कुमार के साथ घटी है. साइबर ठगों ने खुद को बीएसएनल का अधिकारी बता केवाईसी करने के नाम पर उनके खाते से 3,99,400 रुपए की अवैध निकासी कर ली. इस संबंध में सुरोजीत ने बिष्टुपुर स्थित साइबर अपराध थाना में मामला दर्ज कराया है. सुरोजीत ने बताया कि वे एलआईसी के एजेंट का काम करते है. उनके और उनकी पत्नी का ज्वाइंट अकाउंट है. गुरुवार की शाम उनके मोबाइल पर 9144017765 नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बीएसएनल का कर्मचारी बताया और कहा कि उनका बीएसएनएल नंबर अगले 24 घंटे में बंद हो जाएगा. केवाईसी नही होने के कारण उनका मोबाइल बंद कर दिया जाएगा. केवाईसी करने के लिए 10 रुपए रिचार्ज करने को कहा. उन्होंने गूगल प्ले स्टोर से क्विक एक्सेस ऐप डाउनलोड करने को कहा. एप डाउनलोड करने के बाद बीएसएनल नंबर पर 10 रुपए का रिचार्ज करने को बोला. इसी बीच उनके मोबाइल पर एक फॉर्म आया जिसे भरने के बाद उनके खाते से कई बार में 10 रुपए, 1 लाख 99 हजार 900 रुपए और 1 लाख 99 हजार 500 रुपए के तीन ट्रांजैक्शन के कुल तीन लाख 99 हजार 400 रुपए की अवैध निकासी कर ली गई. सुरोजित ने तत्काल मोबाइल का डेटा बंद कर डीएम पर इसके बाद भी 99,900 रुपए का मैसेज आया. पर डेटा बंद होने के कारण ये ट्रांजैक्शन नहीं हो सका. शुक्रवार की सुबह उन्हे फिर से 8317851435 नंबर से कॉल आया जिसमे बताया गया कि उनका पैसा वापस कर दिया जाएगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.







