
जमशेदपुर : जमशेदपुर में इन दिनों मोबाइल नंबर वेरिफिकेशन के नाम पर साइबर ठगी का मामले बढ़ता ही जा रहा है. ताज़ा मामला मानगो डिमना रोड स्थित आस्था स्पेस टाउन निवासी आशीष कुमार का है. साइबर ठगों ने पहले तो आशीष को मोबाइल नंबर वेरिफिकेशन के नाम पर झांसे में लिया और जानकारी हासिल कर उनके खाते से 4.41 लाख रुपए की अवैध निकासी कर ली. जानकारी मिलने पर आशीष ने साइबर थाना में मामला दर्ज कराया है. आशीष ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर एक मैसेज आया जिसमें लिखा था कि मोबाइल नंबर का वेरिफिकेशन नहीं होने से नंबर बंद कर दिया जाएगा, उस मैसेज में एक मोबाइल नंबर भी दिया हुआ था. दिए गए नंबर 9883483367 पर फोन करने पर ठगों ने कहा कि एयरटेल ऐप के द्वारा वेरिफिकेशन किया जाएगा. एयरटेल ऐप के द्वारा वेरिफिकेशन करने की बात पर उन्हे लगा कि ये कॉल कंपनी का ही होगा. इसी बीच ठग ने उनके मोबाइल पर क्विक सपोर्ट ऐप डाउनलोड करवा दिया और शुल्क के रूप में 10 रुपए भुगतान करने को कहा. उन्होंने नेट बैंकिंग के माध्यम से 10 रुपए का भुगतान कर दिया. थोड़ी देर बाद जब उन्होंने भुगतान कि जानकारी अपने नेट बैंकिंग में देखा तो पता की उनके एसबीआई बैंक के खाते से कुल 4.41 लाख की अवैध निकासी कर ली गई है. शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
किसी को भी अपनी निजी जानकारी ना दे, बैंक इसके लिए फोन नहीं करता
अक्सर यह देखा गया है कि साइबर ठगों द्वारा किसी को भी डरा कर उनसे सारी जानकारी हासिल कर है ठगी को अंजाम दिया जाता है. इसकी जागरूकता के लिए जिले कि पुलिस द्वारा अक्सर अभियान चलाया जाता है वहीं बैंक द्वारा भी कहा जाता है कि ग्राहक किसी भी तरह की जानकारी ना शेयर करे, इसके लिए कोई कॉल या मैसेज नहीं किया जाता है. अगर आपको किसी भी तरह का कॉल या मैसेज आता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दे.






