
जमशेदपुर : जमशेदपुर के दो लोगों को एक ही साइबर ठग ने एक ही तरीका इस्तेमाल कर ठगी का शिकार बनाया. पहली घटना एग्रिको निवासी 61 वर्षीय तन्मय कुमार सिंह के साथ घटी. तन्मय को सोमवार की शाम मोबाइल नंबर 7797322085 से उनके बीएसएनएल मोबाइल नंबर पर मैसेज आया कि उसके नंबर का केवाईसी नहीं है जिस कारण उनके मोबाइल बंद हो जायेगा. उन्होंने जब दिए गए नंबर पर फोन किया तो ठग ने उन्हे केवाईसी के लिए 12 रुपए का रिचार्ज करने को कहा. रिचार्ज करने के लिए उसने क्विक सपोर्ट ऐप डाउनलोड करवाकर उनका कार्ड डिटेल्स भरने को कहा. कार्ड की जानकारी भरते ही उनके एलआईसी क्रेडिट कार्ड से दो बार में कुल 69,500 रुपए कटने का मैसेज आया. उन्होंने तुरंत क्रेडिट कार्ड कंपनी को फोन कर कार्ड ब्लॉक करवाया.।क्रेडिट कार्ड कंपनी के अनुसार उनका पैसा होल्ड कर दिया गया है. इधर दूसरी घटना में इसी मोबाइल नंबर से केबल टाउन डी 4 बंगला नंबर 15 निवासी 77 वर्षीय अंबिका चरण सारंगी से बीएसएनएल में केवाईसी के नाम।पर ठगी की गई. ठग ने इसी तरीके से उनके बैंक खाते से कुल 87,289 रुपए की अवैध निकासी कर ली. दोनो मामलों में बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में लिखित शिकायत की गई है.





