
जमशेदपुरः झारखंड राज्य दफादार- चौकीदार पंचायत द्वारा अपने लंबित मांगों को लेकर जमशेदपुर जिला मुख्यालय के समक्ष बुधवार को प्रदर्शन किया गया. साथ ही राज्य सरकार से अपने लंबित मांगों को अविलंब पूर्ण किये जाने की मांग की गयी. वैसे इस प्रदर्शन से पूर्व इन्होंने पोटका के विधायक संजीव सरदार के आवास पर सांकेतिक धरना भी दिया था. इन्होंने कहा, कि वर्ष 1998 के बाद से चौकीदारों और दफ़ादारों की नियुक्ति नही हुई है. जो कार्यरत थे उन्हें सेवा मुक्त कर दिया गया है. साथ ही सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारियों के आश्रितों की बहाली भी नही हुई है. जबकि झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने विगत दिनों गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव को चौकीदारों को पुनः बहाल करने का आदेश दिया था, बावजूद इसके इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने इस मामले पर आगे उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है.





