
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के बजरंग अखाड़ा के पास सोना व्यापारी गणेश चंद्रा को गोली मारने के मामले में घायल की बेटी आयुषी चंद्रा ने अपने पति राजकुमार पात्रो पर आरोप लगते हुए कदमा थाना में मामला दर्ज करवाया है. थाना में राजकुमार के अलावा एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की का रही है. आयुषी ने पुलिस को बताया कि उसने राजकुमार से प्रेम विवाह किया था. शादी के छह माह बाद ही वह राजकुमार से अलग हो गई थी. जिसके बाद से ही राजकुमार अंजाम भुगतने की धमकी देता था.
दिसंबर 2019 में शादी के बाद दहेज के लिए प्रताड़ित करता था राजकुमार
आयुषी ने पुलिस को बताया कि उसने दिसंबर 2019 में परिजनों के खिलाफ जाकर राजकुमार से प्रेम विवाह कर लिया था. शादी के बाद से ही राजकुमार उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता था. धीरे धीरे उसे राजकुमार के गतिविधि के बारे में पता चला. वह शादी के छह माह बाद ही उससे अलग हो गई. अलग होने के बाद से ही वह धमकी देता था.
ऑपरेशन के बाद निकाल दी गई गोली
इधर टीएमएच में ऑपरेशन के बाद गणेश के पेट में लगी गोली को निकाल दिया गया है. फिलहाल गणेश खतरे से बाहर है. बता दे की कदमा के बजरंग अखाड़ा के पास चंद्रा ज्वेलर्स के मालिक गणेश चंद्रा को शनिवार देर रात बाइक सवार दो अपराधियों ने दुकान बंद करने के दौरान गोली मार दी थी. गोली उनके पेट मे बाईं ओर लगी थी.





