जमशेदपुर : देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाली 15 वर्षीय मूकबधिर बालिका गुड़िया कुमारी को गत अप्रैल माह में धालभूमगढ़ क्षेत्र से रेस्क्यू कर विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया था. समिति के निर्देशानुसार बालिका को सुरक्षित आवासन उपलब्ध कराने के साथ-साथ एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्या उत्पन्न होने पर विभिन्न चरणों में उसका चिकित्सकीय उपचार सुनिश्चित किया गया. बालिका की स्वास्थ्य स्थिति एवं अनाथ होने के कारण पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर बेहतर उपचार के लिए उसे उच्च चिकित्सा संस्थान भेजने की पहल की गई. इस क्रम में संबंधित संस्थानों एवं जिला प्रशासन के स्तर पर लगातार समन्वय स्थापित किया जाता रहा. बालिका के उपचार एवं सुरक्षित आवासन को लेकर पूर्वी सिंहभूम एवं रांची जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त राजीव रंजन एवं उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री के आपसी विमर्श एवं समन्वित प्रयास से बालिका को रांची स्थित प्रेमाश्रय बालिका गृह में सुरक्षित आवासन उपलब्ध कराया गया है तथा रिनपास की ओपीडी के माध्यम से उसके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई. वर्तमान में बालिका प्रेमाश्रय, रांची में सुरक्षित रूप से आवासित है तथा उसका चिकित्सकीय उपचार जारी है. जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम बालिका के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं समुचित देखरेख सुनिश्चित करने के लिए रांची में संबंधित विभागों एवं संस्थानों के साथ सतत समन्वय बनाए हुए है.







