जमशेदपुर : भारतीय विदेश सेवा (आइएफएस) के 2010 बैच के अधिकारी सुशील प्रसाद तथा मो. शाहिद आलम मिड कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (एमसीपी-II) के अंतर्गत झारखंड राज्य भ्रमण के क्रम में बुधवार को जमशेदपुर पहुंचे। जमशेदपुर परिसदन में उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने दोनों अधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत किया. इस अवसर पर अधिकारियों के बीच सौहार्दपूर्ण संवाद हुआ तथा जिले के प्रशासनिक एवं विकासात्मक परिदृश्य पर विस्तृत चर्चा की गई. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने दोनों आईएफएस अधिकारियों को पूर्वी सिंहभूम जिले की भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक संरचना, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं तथा जमशेदपुर की देश की अग्रणी औद्योगिक नगरी के रूप में स्थापित पहचान से अवगत कराया. साथ ही जिले में संचालित प्रमुख विकास योजनाओं, औद्योगिक प्रगति, एवं सुशासन की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे नवाचारों की भी विस्तृत जानकारी साझा की. दोनों अधिकारियों ने जिले की उपलब्धियों एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे ज्ञानवर्धक अनुभव बताया.







