जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष पर कातिलाना हमला के मामले की जांच करने के लिए झारखंड पुलिस के एडीजी मनोज कौशिक जमशेदपुर पहुंचे. पहले तो उन्होंने पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक की. इसके बाद वे खुद डीडी बार पहुंचे. घटनास्थल को उन्होंने देखा. इसकी सारी जानकारी हासिल की. इस दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम को देखा और जानकारी हासिल की कि कैसे कैसे यह हादसा हुआ है. किन परिस्थितियों में यह घटना घटी है और पुलिस की भूमिका क्या रही है. एडीजी (अपर पुलिस महानिदेशक) ने यहां बारीकी से सारी चीजों को देखा. एसएसपी पियुष पांडेय खुद उनके साथ थे. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, पूरे घटनाक्रम को लेकर एसएसपी को कड़ी कार्रवाई करने को कहा. एडीजी ने यहां मीडिया से बातचीत भी की और कहा कि इस मामले में एक भी दोषी नहीं बचेंगे. अपराधी हो या पुलिस के लोग, सारे दोषी पर कार्रवाई अब तक हुई है और आगे भी कार्रवाई होगी. बचे हुए सारे अपराधियों को गिरफ्तार किया जायेगा. जरूरत पड़ेगी तो कुर्की जब्ती भी की जायेगी. अपराधियों को बेलगाम होने नहीं दिया जायेगा. इस दौरान उन्होंने सारे अधिकारियों को कहा कि वे लोग अपने अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर कार्रवाई करें और दोबारा इस तरह की घटना नहीं घटे, यह सुनिश्चित कराये.







