
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको निवासी स्नेहा श्रीवास्तव (32) का शव सोमवार दोपहर लगभग 2:30 बजे उनके घर में फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्नेहा को फंदे से उतारकर तुरंत टीएमएच अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस दुखद घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. (नीचे देखे पूरी खबर)

अस्पताल परिसर में मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. उन्होंने स्नेहा के पति निखिल श्रीवास्तव को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए टीएमएच शीत गृह में रखा गया है. मृतका के भाई अभिषेक श्रीवास्तव ने सिदगोड़ा थाना में स्नेहा के पति निखिल श्रीवास्तव, ससुर, ननद, नंदोसी समेत अन्य पर हत्या और दहेज प्रताड़ना का लिखित आवेदन दिया है. अभिषेक के अनुसार, स्नेहा की शादी 2 जून 2017 को टाटा स्टील के पदाधिकारी निखिल श्रीवास्तव से हुई थी. शादी के बाद से ही स्नेहा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था. विशेष रूप से फ्लैट के लिए 20 लाख रुपये न देने पर उसे तंग किया गया था. परिजनों ने आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से स्नेहा ससुराल में अत्याचार और शारीरिक हिंसा का शिकार हो रही थी, जिसकी वजह से वह गहरे मानसिक तनाव में थी. अभिषेक ने बताया कि स्नेहा ने कई बार इस संबंध में परिवार वालों से मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का प्रयास शुरू कर दिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर समाज में व्याप्त दहेज प्रथा और उसके घातक परिणामों पर सवाल खड़ा कर दिया है. समाज से अपील की जा रही है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी को मिलकर संवेदनशील बने रहना चाहिए.


