
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह के हलुदबनी में नवंबर 2020 में एक महिला से युवक ने मोबाइल की छिनतई की थी. इस मामले में महिला द्वारा परसुडीह थाना में मामला दर्ज करवाया गया था. इसी मामले में अब दो माह बाद मोबाइल चालू होते ही पुलिस ने मोबाइल के साथ मोबाइल चोर समेत खरीददारी करने वालों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए युवकों में मोबाइल छिनतई करने वाला राहूल मुर्मू, मोबाइल खरीदने वाला विशाल सिंह और मुकेश शर्मा के अलावा मोबाइल का लॉक तोड़ने वाला दुकानदार नित्यानंद खामरी शामिल है. सभी एक दूसरे के जान-पहचान के बताए जा रहे है. पूछताछ में राहुल ने पुलिस को बताया कि उसने महिला से मोबाइल छिनने के बाद उसने विशाल को बेच दिया था. कुछ दिनों बाद मामला शांत होने के बाद उसने परसुडीह बाजार स्थित नित्यानंद के दुकान पर गया जहां नित्यानंद ने मोबाइल का लॉक खोल दिया. इसके बाद मुकेश ने अपना सिम लगाकर उसका इस्तेमाल शुरु कर दिया. इधर पुलिस ने छिनतई के बाद से ही मोबाइल को ट्रैक में डाला हुआ था. मोबाइल में सिम लगते ही पुलिस के पास सारी जानकारी आ गई जिसके बाद सभी पकड़े गए. शुक्रवार को सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.






