- जल संसाधन विभाग के पदाधिकारी और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि लगातार हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं

Jamshedpur : खरकाई नदी से सटे बागबेड़ा व जुगसलाई के कई तटीय इलाके हैं जहां हर वर्ष लगातार बारिश हो जाने से बाढ़ का खतरा बढ़ जाता है. क्षेत्र में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ जाने से तटीय इलाकों के घरों में पानी घुस जाता है. पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से बागबेड़ा व जुगसलाई क्षेत्र में नदी से सटे जितने नाले हैं उनका जलस्तर बढ़ जाने से सैकड़ों घरों में पानी घुस गया है. इनमें बागबेड़ा का नया बस्ती व अन्य इलाका शामिल है.
पानी घुसने की सूचना मिलने पर जल संसाधन विभाग के पदाधिकारी क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे. जेई कृष्ण कुमार ने बताया की स्वीस गेट का फाटक फिलहाल खोल दिया गया हैं, जिससे तटीय इलाकों में घुसा पानी फिलहाल निकल रहा है.
बागबेड़ा के नया बस्ती में स्थानीय जिला पार्षद किशोर यादव ने कहा कि नदी का जलस्तर बढ़ते ही स्वीस गेट के तीनों फाटक को बंद कर दिया जाएगा और मोटर से पानी बाहर निकाला जाएगा. उन्होंने बताया स्थिति को भांपते हुए तीन ऐसे स्थानों को चिन्हित किया गया है जहां बाढ़ की स्थिति बढ़ने पर क्षेत्रवासियों को उक्त स्थान पर पहुंचाया जाएगा, उन्होंने बताया जुगसलाई व बागबेड़ा क्षेत्र को मिलाकर सैकड़ों ऐसे घर हैं जो प्रभावित हैं.


















