
जमशेदपुर : सोनारी के आरएमएस हाई स्कूल खूंटाडीह में फीस वृद्धि के खिलाफ अभिभावकों का आंदोलन अंतत: रंग लाया. बुधवार को जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) कार्यालय में त्रिपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें बेतहाशा फीस वृद्धि पर अंकुश लगाते हुए तय दर पर ही फीस वृद्धि करने का निर्णय लिया गया. वार्ता में शिक्षा विभाग की ओर से जिला शिक्षा अधीक्षक, स्कूल प्रबंधन की ओर से प्राचार्य व अभिभावकों की ओर से जमशेदपुर अभिभावक संघ के अध्यक्ष डॉ उमेश कुमार व अन्य शामिल थे. डॉ उमेश कुमार ने बताया कि स्कूल की ओर से 35 प्रतिशत फीस वृद्धि कर दी गयी थी, जिससे अभिभावक खासे परेशान थे. इसे लेकर अभिभावक आंदोलित भी थे. उन्होंने बताया कि इसे लेकर जिला शिक्षा ने त्रिपक्षीय वार्ता बुलायी थी. वार्ता में फीस को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गयी. ततश्चात 10 प्रतिशत तक फीस वृद्धि पर सहमति बनी. इससे अभिभावकों ने काफी हद तक राहत की सांस ली है.




