जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में जिले में संचालित शैक्षणिक एवं आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, आधार एवं बैंक खाता निर्माण, साइकिल वितरण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई. बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालयों के निरीक्षण की समीक्षा की गई. पूर्व की बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को इन विद्यालयों का नियमित भ्रमण करने का निर्देश दिया गया था. जुलाई 2026 में किए गए भ्रमण की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विद्यालयों में भवन निर्माण से संबंधित लंबित कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया, ताकि बच्चों के आवासन एवं पठन-पाठन में किसी प्रकार की समस्या नहीं हो. (नीचे भी पढ़े)
छात्र-छात्राओं की उपस्थिति की समीक्षा के क्रम में चाकुलिया, डुमरिया एवं मुसाबनी प्रखंड में उपस्थिति में सुधार हेतु विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने अगली समीक्षा बैठक तक जिले के सभी प्रखंडों में न्यूनतम 70 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया. बैठक में सभी प्रखंडों में आधार कैंप के आयोजन की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आधार निर्माण एवं अद्यतन के लिए आवश्यक ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बताया गया कि विगत माह में 919 बैंक खाते खोले गए हैं. उपायुक्त ने बैंक खाता खोलने की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने का निर्देश दिए। वहीं, जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने के कारण आधार नहीं बन पाने वाले 7,238 बच्चों के लिए विशेष कैंप आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. सिकुई दिकुई अभियान के तहत आगामी 11 अगस्त से परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में बताया गया कि परीक्षा के आयोजन को लेकर कार्यक्रम एवं प्रश्न पत्र से संबंधित आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं. (नीचे भी पढ़े)
उपायुक्त ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. विद्यालयों में साइकिल वितरण के पश्चात शेष बची साइकिलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी सुयोग्य छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पात्र बच्चों को सरकार की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिले, इसे संबंधित पदाधिकारी सुनिश्चित करें. सीएम स्कूल ऑफ एक्सेलेंस में पठन-पाठन की गुणवत्ता में सुधार को लेकर उपायुक्त ने निजी विद्यालयों से सेवानिवृत्त एवं इच्छुक शिक्षकों की सेवाएं लेने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से विषयवार बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.








