
जमशेदपुर:जमशेदपुर के उत्पाद विभाग की टीम ने कदमा ग्रीन पार्क एरिया में छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब बनाने का सामान बरामद किया है. टीम ने छापेमारी कर लगभग 30 से 40 लीटर शराब बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाला स्प्रिट बरामद किया है. साथ ही टीम ने भारी मात्रा में शराब बनाने के लिए उपयोग होने वाले बोतल, स्टीकर, ढक्कन और यहां तक की सील का लेबल भी बरामद किया है. इस मामले में पूछताछ में टीम को राकेश नामक युवक की संलिप्तता का पता चला है. वहीं टीम ने पूछताछ के लिए एक महिला को भी हिरासत में लिया है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है. उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कदमा ग्रीन पार्क एरिया में नकली विदेशी शराब बनाने का काम किया जा रहा है. जिसके बाद विभाग ने एक टीम का गठन कर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान बरामद सभी सामान को उत्पाद विभाग अपने साथ ले गए. इसके पहले भी मानगो में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब बनाने वाले का भंडाफोड़ किया था. फिलहाल विभाग की टीम मुख्य आरोपी को पकड़ने की तलाश कर रही है.



