
जमशेदपुर : जिला के उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम सूरज कुमार के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में राष्ट्रीय अंधापन निवारण अभियान के तहत गरीब व जरूरतमंद नेत्र रोगियो के लिए जिला स्तरीय नेत्र शिविर का आयोजन रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा जिला अंधापन निवारण समिति तथा सहयोगी संस्थाओं के सहयोग से प्रत्येक सप्ताह शनिवार से बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में किया जा रहा है। हाथी मार्का सरसो तेल का उत्पादन करने वाली बी. पी. ऑयल मिल्स लि. सेल्स डीपो जमशेदपुर के संयोजन में रेड क्रॉस सोसाईटी का 595वां नेत्र शिविर आज यहां शनिवार को बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय परिसर में नेत्र रोगियों के जांच के साथ शुरु हुआ, नेत्र चिकित्सक डॉ. विवेक केडिया एवं सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा 250 नेत्र रोगियों के आंखों की जांच की गयी तथा 96 मोतियाबिन्द ग्रस्त नेत्र रोगियों को पाया गया, कोविड-19 दिशा-निर्देश के अनुसार 26 नेत्र रोगियों का ऑपरेशन कल रविवार 10 जनवरी को नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. विवेक केडिया एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया जायेगा, शेष 70 नेत्र रोगियों का ऑपरेशन आगे के शिविरों में किया जायेगा। ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियो की विदाई 11 जनवरी को पट्टी खोलकर आंखों की जांच के पश्चात आवश्यक दवा व चश्मा के साथ आंखों की देखभाल की जानकारी देकर की जायेगी। कल रविवार को बी. पी. ऑयल मिल्स के स्थानीय पदाधिकारी द्वारा ऑपरेशन थियेटर का फीता काटकर ऑपरेशन सत्र का उद्घाटन किया जायेगा।



